मुठभेड़ के दौरान नागरिकों की मौत तथा एनआईए की छापेमारी के विरोध में अलगाववादियों ने शनिवार को प्रदर्शन का आह्वान किया है। हुर्रियत (जी) प्रमुख सैयद अली शाह गिलानी, हुर्रियत (एम) प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक तथा जेकेएलएफ प्रमुख यासीन मलिक ने पूरी घाटी में एनआईए की ओर से किए जा रहे कथित उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया है। अलगाववादियों के आह्वान को देखते हुए घाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
व्यवसायियों की चेतावनी के बाद मिली नमाज की अनुमति
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि स्थानीय व्यवसायियों द्वारा बेमियादी बंदी की चेतावनी के बाद सरकार ने जामिया मस्जिद में नमाज पढ़ने की अनुमति दी। ट्वीट कर कहा कि वीरवार को दुकानदारों तथा अन्य व्यापारियों ने प्रदर्शन कर चेताया था कि यदि शुक्रवार को जामिया मस्जिद में नमाज अता नहीं करने दी गई तो आंदोलन किया जाएगा। ब्यूरो