जम्मू। जम्मू-कश्मीर में पंचायत उप चुनाव की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग की ओर से वीरवार को सरपंचों व पंचों के रिक्त सीटों के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई। कुल मिलाकर 306 पन्नों की अधिसूचना में 1089 सरपंचों व 12168 पंचों की रिक्त सीटों का वर्णन किया गया है। माना जा रहा है कि अब चुनाव तिथि का एलान किसी भी वक्त हो सकता है।
ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग की सचिव शीतलनंदा ने वीरवार को एलजी मनोज सिन्हा के आदेश पर जम्मू कश्मीर पंचायती राज नियमों 1996 के तहत सरपंचों और पंचों की रिक्त सीटों के लिए अधिसूचना जारी कर दी। अब सरकार चुनाव विभाग से चर्चा कर रिक्त सीटों पर मतदान करवाएगी। इसके लिए चुनाव विभाग की तरफ से चुनाव का शेड्यूल तैयार किया जाएगा।
अधिसूचना के तहत अनंतनाग जिले में सरपंचों की 137 सीटें, बडगाम जिले में 157, बांदीपोरा में 50, बारामुला में 149, गांदरबल में 42, कुलगाम जिले में 132, कुपवाड़ा में 32, पुलवामा में 152, शोपियां में 75, श्रीनगर में नौ सीटों के लिए अधिसूचना जारी की गई है। डोडा जिले में सरपंचों की 18, जम्मू जिले में 17, कठुआ में 22 किश्तवाड़ में 23, पुंछ जिले में 11, राजोरी जिले में 16, रामबन जिले में 13, रियासी में दस, सांबा जिले में छह, उधमपुर में 17 सीटों के लिए अधिसूचना जारी की गई है।