- एक्सपो में लहसुन, बांस और नींबू के अचार के अनोखे स्वाद ने भी खींचे ग्राहक
- महिला उद्यमी रोज कमा रहीं 20 से 30 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जुबां पर चटकारा भी और सेहत का भी पूरा ख्याल! जी हां, जम्मू एक्सपो 2.0 में इस बार अचार के जायके ने लोगों को अपना दीवाना बना दिया है। यहां खास बात सिर्फ अचार का स्वाद नहीं, बल्कि इसे बनाने का अनोखा अंदाज है। पारंपरिक स्वाद को बरकरार रखते हुए कहीं तेल की मात्रा बेहद कम कर दी गई है, तो कहीं अचार पूरी तरह तेल मुक्त तैयार किया जा रहा है। करेले का अचार सबको भा रहा है। राजमा और मशरूम के अचार के भी ग्राहक चटकारे लगा रहे हैं।
इतना ही नहीं, डायबिटीज के मरीजों के लिए भी खास अचार बाजार में उतारे गए हैं। सेहत और स्वाद के इस अनोखे संगम को खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। महिला उद्यमियों के स्टॉल पर रोजाना 20 से 30 हजार रुपये तक की बिक्री हो रही है। लहसुन, बांस और नींबू के अचार का अनोखा स्वाद भी ग्राहकों को खींच रहा है। इन सभी अचार की कीमत 200 रुपये से शुरू है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए खास
सरोर की रहने वाली पलक पिछले तीन वर्षों से अचार का व्यवसाय कर रही हैं। वह अपने सेल्फ हेल्प ग्रुप की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर अलग-अलग तरह के अचार तैयार करती हैं। उनके स्टॉल पर डायबिटीज के मरीजों के लिए करेले का बिना तेल वाला अचार खास आकर्षण बना हुआ है। नींबू और लहसुन का अचार भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रहा है।
-
राजमा के अचार ने खींचे ग्राहक
स्वाद के साथ अनोखी वैरायटी
रेजिडेंसी रोड की सपना ने बताया कि उनके स्टॉल पर राजमा का अचार सबसे अलग है। इसके साथ क्रश मिर्च और अदरक का अचार भी ग्राहकों की पसंद बना हुआ है। उन्होंने बताया कि हॉर्टिकल्चर विभाग से अचार बनाने का प्रशिक्षण लेने के बाद वह पिछले दो वर्षों से इस काम से जुड़ी हैं।
बांस और मशरूम के
अचार ने खींचा ध्यान
न्यू प्लॉट की मीनाक्षी के स्टॉल पर बांस और मशरूम का अचार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वह पिछले दो वर्षों से अचार बना रही हैं। उनके अनुसार, बांस का अचार अपने अलग स्वाद और पौष्टिकता के कारण ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है।
-
करेले और आंवले के
साथ लहसुन भी प्रदर्शनी में
बड़ी ब्राह्मणा की निर्मला ठाकुर पिछले तीन वर्षों से अचार बनाने के व्यवसाय से जुड़ी हैं और हॉर्टिकल्चर विभाग के साथ काम कर रही हैं। उनके स्टॉल पर करेले, लहसुन, नींबू और आंवले के अचार की अच्छी मांग है। एक्सपो में महिलाओं के इन प्रयासों से न केवल पारंपरिक स्वाद को नया रूप मिल रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिल रहा है।