राजीव नगर में महिला नशा तस्कर के घर में बेड पर पड़ा तोड़ी गई छत का मलबा।
- फोटो : अमर उजाला
नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के 12वें दिन जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन ने जम्मू के राजीव नगर में नशे की सौदागर दो महिलाओं के घरों को ध्वस्त कर दिया। लंबे समय से नशा तस्करी में शामिल मोनिका और भल्लो के तीन मकानों को तोड़कर सरकारी सील लगा दी।
प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने जेसीबी से मकानों के छज्जे तोड़े फिर ड्रिलिंग मशीन से दो मकानों की छतों को गिरा दिया। नरवाल मंडी बाईपास के निकट राजीव नगर में नशा तस्करों पर कार्रवाई के लिए वीरवार को तहसीलदार राजू समयाल पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। सुबह 10 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर बाद तक चली।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार भल्लो और मोनिका नशा तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रही थीं। नशे से अर्जित संपत्ति को ध्वस्त करने के लिए जेसीबी मशीन गली संकरी होने के कारण नहीं पहुंच सकी। इस पर प्रशासन ने ड्रिलिंग मशीन के साथ मजदूरों को बुलाया और तीनों मकानों की छतों को ध्वस्त किया।
तहसीलदार की देखरेख में भल्लो के दो और मोनिका के एक मकान को सील कर दिया गया। इन्हीं मकानों में महिला तस्कर रह रही थीं। बता दें कि नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान एमए स्टेडियम में 11 अप्रैल को शुरू किया गया था।
घर को जेसीबी की मदद से तोड़ती पुलिस व प्रशासनिक टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कार्रवाई स्थल से पड़ोसियों को खदेड़ा :
पुलिस की कार्रवाई देख महिलाएं व पड़ोसी एकत्र होने लगे। कार्रवाई करने वाली महिला पुलिस ने उन्हें डांटकर भगाते हुए कार्रवाई स्थल पर आने जाने पर रोक लगा दी।
महिला तस्करों की खोज में जुटी पुलिस टीमें :
दोनों महिला तस्करों की खोज में पुलिस की कई टीमें लगी है। दोनों के खिलाफ बाहु फोर्ट थाने में नशा तस्करी को लेकर एक-एक एफआईआर दर्ज है। भल्लो व मोनिका के पास से नशे की खेप भी बरामद हो चुकी है। इस बार दोनों महिला तस्कर पुलिस को गच्चा दे गईं।
नशा तस्कर के घर
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस व प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले परिवार फरार
पुलिस की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही दोनों महिलाओं के परिजन घर छोड़कर फरार हो गए। अधिकारियों ने देखा कि तीनों घर के दरवाजों पर ताला लगा है। पड़ोसियों से पूछा लेकिन कोई सही जानकारी नहीं दे सका। ऐसे में पहले ताला तोड़ा गया और इसके बाद आगे की कार्रवाई की गई।
नशा तस्कर के घर
- फोटो : अमर उजाला
नशा तस्करी के आरोप में तीन गिरफ्तार, हेराेइन बरामद
सांबा पुलिस ने विजयपुर थाना क्षेत्र में नशा तस्करी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 3.78 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीम ने विजयपुर रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स के पास रख बरोटियां लिंक रोड पर स्कूटी को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान स्कूटी सवार तीन युवकों से 3.78 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल शर्मा निवासी कोट भलवाल, संजू भगत निवासी नई बस्ती और निर्मल कुमार निवासी कोट भलवाल के रूप में हुई है। संवाद
पुलिस व प्रशासनिक टीम
- फोटो : अमर उजाला
नशे की काली कमाई से खड़े आशियानों पर 11 अप्रैल से चल रहा बुलडोजर
नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने वीरवार को बड़ी कार्रवाई की। राजीव नगर में नशे की कमाई से खड़े किए अवैध आवासों पर बुलडोजर चलाया। इसमें दो नशा तस्करों के घर गिराए गए। गौरतलब की बात यह है कि इस दौरान नशा तस्करों को सुख पहुंचाने वाले सेज (बेड) मलबे में तब्दील होते नजर आए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर तैनात रही हैं और चिन्हित किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किए। शहर में इन दिनों जिन लोगों ने नशे के अवैध कारोबार से संपत्ति खड़ी की थी, उनके आलीशान मकान अब टूटकर जमीन में मिल रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।
इस कार्रवाई पर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। एक ओर कुछ लोग इसे नशे के खिलाफ जरूरी कदम बता रहे हैं, वहीं प्रभावित परिवारों में मायूसी का माहौल है। राजीव नगर और आसपास के क्षेत्रों से सामने आ रही तस्वीरें साफ संकेत दे रही हैं कि गुनाहों की नींव पर खड़े किए सुख के महल ज्यादा दिन टिक नहीं सकते।
पुलिस व प्रशासनिक टीम
- फोटो : अमर उजाला
विदेशी पिस्टल, कारतूस और हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
नशा मुक्त अभियान के तहत जम्मू की बिश्नाह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सेहोरा (बिश्नाह) निवासी अमित कुमार को हेरोइन और यूएसए निर्मित पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने एक बड़ी साजिश नाकाम कर दी।
यह कार्रवाई 21 अप्रैल को की गई जब पुलिस की स्पेशल टीम ने एक ग्रे रंग की बलेनो कार को जांच के लिए रोका। कार की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। वहां से यूएसए निर्मित ‘’ब्रेटा’’ पिस्टल, 13 कारतूस, 256 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और नशा तौलने वाली एक छोटी मशीन बरामद हुई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है। वीरवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि वह इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।
घर को जेसीबी की मदद से तोड़ती पुलिस व प्रशासनिक टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बाइक सवार से हेरोइन बरामद, गिरफ्तार
जम्मू उत्तर जोन की पक्का डंगा पुलिस टीम ने रोटरी चौक पर जांच के दौरान बाइक सवार युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार युवक इरफान भट्टी निवासी उस्ताद मोहल्ला के पास पांच ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घर को जेसीबी की मदद से तोड़ती पुलिस व प्रशासनिक टीम।
- फोटो : अमर उजाला
थार सवार कुख्यात लवली हेरोइन के साथ गिरफ्तार
नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई के क्रम में बिश्नाह पुलिस थार सवार कुख्यात अपराधी लवली सिंह मन्हास को 16 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार लवली के साथ थार में सरवन कुमार निवासी आरएस पुरा भी सवार था। दोनों के पास 25410 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस की टीम चक चुआ गांव में नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी थार को रोका। तलाशी लेने पर 16 ग्राम हेरोइन व 25410 रुपये नकद बरामद हुआ।
थार में सवार लवली सिंह मन्हास उर्फ कालू निवासी कोठी मोड़ व सरवन कुमार निवासी आरएस पुरा के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बिश्नाह थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार लवली सिंह एक कुख्यात अपराधी है उस पर अपहरण, हत्या के प्रयास सहित कई केस पहले से दर्ज हैं।