फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: जेल में बंद तस्कर की संपत्ति पर चला बुलडोजर, बेलीचराना में अवैध मकान ध्वस्त

Sat, 18 Apr 2026 12:03 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

जम्मू के बेलीचराना इलाके में प्रशासन ने नशा तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर पप्पी का घर ध्वस्त कर दिया। जांच में सामने आया कि उसने सरकारी जमीन पर कब्जा कर नशे के कारोबार से कमाई गई रकम से यह संपत्ति बनाई थी।
विज्ञापन
जम्मू में बड़ी कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत शनिवार को बेलीचराना और निक्की तवी में दो नशा तस्करों के घरों पर बुलडोजर चला। इस दौरान कुख्यात नशा तस्कर शंप दीन उर्फ पप्पी और अब्दुल हमीद उर्फ मिद्धू की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया गया। डीसी के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान छह थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

शनिवार सुबह करीब दस बजे प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी बुलडोजर के साथ बेलीचराना और निक्की तवी इलाके में पहुंचे। पहली कार्रवाई शंप दीन उर्फ पप्पी के घर पर हुई। शंप दीन आरएस पुरा का रहने वाला है और जेल में बंद है। उसका दो मंजिला मकान कुछ ही घंटों में ध्वस्त कर दिया गया।

उसने नशे के काले कारोबार से करोड़ो की संपत्ति जुटाकर बेलीचराना में दो मंजिला मकान बनाया था। इसका निर्माण भी सरकारी भूमि पर किया गया था। यह कार्रवाई सुबह 11:30 बजे तक चली। इसके बाद टीमें निक्की तवी इलाके में पहुंचीं। यहां तस्कर अब्दुल हमीद उर्फ मिद्धू के रिहायशी ढांचे को जमींदोज किया गया। मिद्धू मीरां साहिब का रहने वाला है। निक्की तवी में सरकारी जमीन पर कब्जा कर यह ढांचा बनाया था। यह कार्रवाई दोपहर डेढ़ बचे तक चली।

विज्ञापन


विज्ञापन

आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में संलिप्त थे। अपनी अवैध कमाई से करोड़ों की संपत्ति खड़ी की थी। प्रशासन की यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई होगी। कुलजीत सिंह, एसडीपीओ, गांधीनगर

नशा तस्करों पर सिर्फ बुलडोजर ही नहीं चलेगा बल्कि उनका पूरा आर्थिक ढांचा तोड़ा जाएगा। इसमें उनके पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और हथियार लाइसेंस भी रद्द किए जाएंगे। यह कार्रवाई पूरे सत्यापन के बाद की है। लंबे समय से दोनों नशा तस्करी में शामिल थे। इसी काली कमाई से दोनों ने करोड़ो की संपत्ति बनाई थी। - परमदीप सिंह, तहसीलदार

30 दिन में नेटवर्क नेस्तनाबूद करने का है अल्टीमेटम
यह बड़ी कार्रवाई उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा 11 अप्रैल को शुरू किए गए 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान का अहम हिस्सा है। उपराज्यपाल ने हाल में पुलिस को निर्देश दिया था कि 30 दिनों के भीतर हर थाने के टॉप नशा तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त किया जाए।

कुछ दोपहिया वाहन किए जब्त
पुलिस ने पप्पी के घर के पास घास की झोपड़ियां भी हटाई जो सरकारी भूमि पर बनी थीं। यहां से कुछ दोपहिया वाहनों को जब्त किया है। माना जा रहा वाहन नशे के काले कारोबार से बनाए पैसे से खरीदे गए हैं।

महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करने का किया प्रयास
शंप दीन के परिवार के सदस्य और रिश्तेदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। हालांकि पुलिस बल के सामने उनकी नहीं चली। महिलाओं का कहना था कि किसी की सजा किसी को नहीं मिलनी चाहिए। निक्की तवी और बेलीचराना संवेदनशील इलाका है। यहां पहले भी कार्रवाई का विरोध हुआ है। विरोध या तनाव से निपटने के लिए मौके पर नायब तहसीलदार बिट्टी सिंह, एसडीपीओ साउथ, एसडीपीओ ईस्ट जम्मू और डीएसपी हेडक्वार्टर जम्मू मौजूद थे। इसके अलावा सतवारी, गांधी नगर, गंग्याल, बस स्टैंड, बख्शी नगर और नवाबाद थानों के एसएचओ भी अपनी-अपनी टीमों के साथ मुस्तैद रहे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें