अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। विधानसभा में बुधवार को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, समाज कल्याण एवं शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने सदन के समक्ष अनुदान मांगें पेश कीं। इसमें स्कूल शिक्षा विभाग के लिए 12,01,489.52 लाख रुपये, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के लिए 8,81,370.63 लाख रुपये, समाज कल्याण विभाग के लिए 4,50,428.15 लाख रुपये और उच्च शिक्षा विभाग के लिए 2,19,340.00 लाख रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है।
विधायक डॉ. शफी अहमद वानी, प्यारे लाल शर्मा, देविंदर कुमार मन्याल, इरशाद रसूल कर, मीर मोहम्मद फैयाज, मुश्ताक अहमद गुरु, मोहम्मद यूसुफ तारिगामी, सुरिंदर कुमार, पीरजादा फिरोज अहमद, चौधरी मोहम्मद अकरम, दिलीप सिंह परिहार, खुर्शीद अहमद, इफ्तिखार अहमद, भारत भूषण, शमीमा फिरदोस, एजाज जान, डॉ. नरिंदर सिंह और मेहराज मलिक ने अनुदान की मांग पर चर्चा के साथ संबंधित विभागों और संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के संबंध में मुद्दे उठाए।
शून्यकाल : स्मार्ट मीटर से लेकर घायलों के उपचार तक का मुद्दा उठा
जम्मू। विधानसभा में बुधवार को शून्यकाल के दौरान स्मार्ट मीटर, स्ट्रीट लाइटों से लेकर घायलों के उपचार तक का मामला उठा। विधायकों ने अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों को प्रभावित करने वाली तत्काल चिंताओं की ओर सदन का ध्यान आकर्षित किया।
गुलाबगढ़ के विधायक खुर्शीद अहमद ने रियासी जिले में हाल ही में हुए सड़क हादसे में घायल हुए लोगों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता को उठाया। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई थी। उन्होंने सरकार से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जीएमसी, जम्मू और डीएच रियासी में भर्ती घायलों को उचित उपचार मिले।
-
लापता युवक का पता लगाया जाए
पुंछ हवेली के विधायक एजाज अहमद जान ने एक युवक यावर राशिद के लापता होने के संबंध में अध्यक्ष से हस्तक्षेप करने की मांग की। बताया गया कि यावर को जांच के लिए जम्मू लाया गया था, लेकिन तब से लापता है। उन्होंने अधिकारियों से युवक का पता लगाने में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।
-
स्ट्रीट लाइटें लगाने में तेजी लाई जाए
कश्मीर संभाग के विधायक सलमान सागर, इरफान रसूल कार, मुश्ताक गुरु और शेख अहसान अहमद ने श्रीनगर नगर निगम और अन्य नगर निकायों के स्ट्रीट लाइट लगाने में धीमी प्रगति में तेजी लाने को कहा। कहा, रमजान के पवित्र महीने में स्ट्रीट लाइट की सुविधा काफी अहम रहती है। शांगस-अनंतनाग पूर्व के विधायक रियाज अहमद खान ने बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने के कारण पहले से लगी स्ट्रीट लाइटें बंद हो गई हैं। रामबन के विधायक अर्जुन सिंह राजू ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में राशन डिपो की संख्या बढ़ाने की मांग की, जिसमें 10 पहाड़ी पंचायतों के लोगों की कठिनाइयों का हवाला दिया गया। बताया गया कि वर्तमान में केवल दो राशन डिपो पर निर्भर हैं। बनिहाल के विधायक सज्जाद शाहीन ने बनिहाल में उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के रिक्त पद पर चिंता व्यक्त की।