सर्वाधिक 7,851 रिक्तियां स्वास्थ्य-चिकित्सा शिक्षा विभाग में
जम्मू। प्रदेश सरकार के 37 विभागों में 32,474 पद खाली पड़े हुए हैं। स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग में सबसे अधिक 7,851 रिक्तियां हैं।
स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के खाली पदों में से 716 पर भर्ती के लिए संबंधित एजेंसियों को संदर्भित किया गया है। जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (जेकेपीसी) के विधायक सज्जाद गनी लोन की ओर से पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से यह जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री के पास सामान्य प्रशासन विभाग भी हैं।
लोन ने 31 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में विभिन्न विभागों में रिक्तियों की कुल संख्या और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार के गठन (अक्तूबर 2024) के बाद जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) और जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) को संदर्भित रिक्तियों के बारे में जानकारी मांगी थी। उन्होंने 2024 में आवेदन शुल्क से जुटाए गए राजस्व और परीक्षा शुल्क को माफ करने से संबंध में भी प्रश्न पूछे थे।
सरकार की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार, 10,575 मल्टी टास्किंग स्टाफ, 19,214 अराजपत्रित और 2,503 राजपत्रित पद रिक्त हैं। बताया गया कि पशु और भेड़पालन विभाग में 2,589 पद खाली हैं। इनमें से 1059 पदों को भर्ती के लिए संदर्भित किया गया है। आवास और शहरी विकास विभाग में 2,420 पद खाली हैं।
बिजली विभाग में 1305 पद खाली हैं। इनमें से 337 पदों को भर्ती के लिए संदर्भित किया गया है। लोक निर्माण विभाग में 3759 पद खाली हैं। ग्रामीण विकास विभाग में 468 पद, राजस्व विभाग में 1004 पद खाली हैं। उद्योग और वाणिज्य में 2,517, कृषि उत्पादन और किसान कल्याण में 1,340, खाद्य और आपूर्ति विभाग में 1,131, वित्त विभाग में 1,009, जल शक्ति में 856 व स्कूल शिक्षा विभाग में 770 रिक्तियां भरी जानी हैं।
आवेदन शुल्क माफ करने का कोई प्रस्ताव नहीं
सरकार के जवाब में कहा गया कि अक्तूबर 2024 से अब तक जेकेएसएसबी को 5.72 करोड़ रुपये आवेदन शुल्क के रूप में वसूले हैं। वहीं, जेकेपीएसी को 8.44 करोड़ रुपये मिले हैं। सरकार ने कहा कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क माफ करने का अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं है।
आवेदन शुल्क माफ करने का नेकां का था चुनावी वादा
नेकां ने प्रतियोगी परीक्षा में आवेदन शुल्क माफ करने का वादा अपने घोषणापत्र में किया था। सरकार बनने के तीन महीने बाद भी आवेदन शुल्क माफी को लेकर कोई पहल नहीं हुई है। युवा सरकार से वादे को पूरा करने की भी मांग करते रहे हैं।
इतना शुल्क लिया जाता है
जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों से 600 से लेकर 700 रुपये आवेदन शुल्क लेता है। वहीं, जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग की ओर से 1000 रुपये से 1200 रुपये आवेदन शुल्क लिया जाता है।