सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने हथियारों की तस्करी को नाकाम करते हुए परगवाल सेक्टर से सटे देवरा इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हथियारों का जखीरा बरामद किया है। बरामद हथियारों में एक एके 47 राइफल, दो इटली निर्मित पिस्तौल, व छह मैगजीन बरामद की हैं। इसके बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
आईबी पर परगवाल सेक्टर से सटे देवरा में बीएसएफ की 46वीं वाहिनी ने विशेष सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी में जुटे जवानों को जीरो लाइन के पास एक बैग बरामद हुआ। बैग की तलाशी लेने पर उसमें दो पिस्टल (मेड इन इटली) 40 राउंड चार मैगजीन, एक एके-47 राइफल, 20 राउंड दो मैगजीन बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह बैग यहां कैसे पहुंचा और इसे यहां से कौन उठाने वाला था। माना जा रहा है कि इस खेप को इलाके में सक्रिय विरोध देश के अराजक तत्वों तक पहुंचाया जाना था। जिसे नाकाम बना दिया गया है।
क्षेत्र में हथियारों का जखीरा मिलने पर परगवाल सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के अलावा सुरक्षा एजेंसियां संदिग्धों की तलाश में जुट गई हैं। इससे पहले भी बीते साल 27 सितंबर 2021 को इसी क्षेत्र से सीमा सुरक्षा बल के जवानों को सीमा पर एक बैग बरामद हुआ था।
जिसमें चार पिस्टल, आठ मैगजीन, 100 गोलियां, एक किलो हीरोइन और 2.75 लाख नकली भारती करेंसी बरामद हुई थी।