बीएसएफ की 29वीं बटालियन का जवान तेज बहादुर
- फोटो : File Photo
जवानों को खराब खाना मिलने का वीडियो बना कर वायरल करने वाला बीएसएफ की 29वीं बटालियन का जवान तेज बहादुर दो दिनों से भूख हड़ताल पर है। सूत्रों की मानें तो तेज बहादुर उच्च अधिकारियों द्वारा उसका वीआरएस रद्द किए जाने के विरोध में भूख हड़ताल कर रहा है।
हालांकि, बीएसएफ की 29वीं बटालियन के कमांडिंग अफसर सहित अन्य अधिकारियों का भी कहना है कि भूख हड़ताल की बात कोरी अफवाह है। इस बारे में हमें भी मंडी कस्बे बाजार से जानकारी मिली है, जबकि तेज बहादुर नियमित तौर पर खाना-पीना कर रहा है।
तेज बहादुर द्वारा वीडियो वायरल करने के काफी पहले किए गए वीआरएस आवेदन को मंजूर कर लिया गया था। उसे 31 जनवरी 2017 को वीआरएस देकर घर भेजा जाना था, लेकिन, उसके वीडियो मामले की जांच के चलते वीआरएस रद्द कर दिया गया।
वीआरएस देकर घर भेजने की मांग
BSF जवान तेज बहादुर
- फोटो : Social Media
इसकी जानकारी मिलने पर दो दिन पूर्व जिले में बीएसएफ एक्स सर्विसमेन लीग के सदस्यों ने 29वीं बटालियन के कमांडिंग अधिकारी परवीन कुमार से मुलाकात कर तेज बहादुर को वीआरएस देकर घर भेजने की मांग की थी। कमांडिंग अधिकारी ने कहा था कि यह मामला उच्च अधिकारियों के स्तर का है, उनका कोई रोल नहीं हैं।
सूत्रों की मानें, तो पूर्व सैनिकों ने तेज बहादुर से भी मुलाकात की थी। तब उसने कहा था कि अगर उसे घर नहीं भेजा गया, तो वह भूख हड़ताल पर चला जाएगा। हालांकि, उस समय पूर्व सैनिकों ने उसे भूख हड़ताल न करने पर मना लिया था।
इस मामले में कुछ स्थानीय पत्रकारों द्वारा तेज बहादुर से मिलने की मांग की गई। इस पर बीएसएफ अधिकारियों का कहना है कि इसकी अनुमति एडीजी बीएसएफ ही दे सकते हैं।