अरनिया सेक्टर में बीएसएफ की पीतल पोस्ट के पास गश्त के दौरान एक जंगली सुअर ने जवान पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल जवान की पहचान 192वीं वाहिनी के वीर बहादुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह जवान गश्त पर था। इसी दौरान एक जंगली सुअर ने पीछे से उस पर हमला कर घायल कर दिया।
अन्य जवानों ने तुरंत घायल जवान को उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल को इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि उनके दोनों पैरों पर गहरे जख्म हैं।
गौरतलब है कि उक्त पोस्ट के पास पहले भी जंगली जानवर सीमांत ग्रामीणों पर हमला कर चुके हैं। बीएसएफ के जवानों ने बताया कि पाकिस्तानी क्षेत्र में घने जंगल होने की वजह से वहां से जंगली जानवर भारतीय क्षेत्र में आकर अक्सर लोगों पर हमला कर देते हैं।