फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्नाइपर हमले में बीएसएफ का असिस्टेंट कमांडेट शहीद, दो पाक सैनिक भी ढेर

Wed, 16 Jan 2019 01:43 AM IST
संदीप भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
loc - फोटो : फाइल
विज्ञापन

पाकिस्तान ने मंगलवार को आईबी और एलओसी दोनों ही जगह सीजफायर का उल्लंघन किया। इस दौरान आईबी पर स्नाइपर शॉट से बीएसएफ का एक असिस्टेंट कमांडेंट शहीद हो गया। दो अन्य जवान घायल हुए हैं। सुरक्षाबलों की मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई में पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में दो पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए गए। कुछ पोस्ट भी तबाह हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तानी गोलाबारी से तनाव की स्थिति है।

विज्ञापन


मंगलवार सुबह आईबी के हीरानगर सेक्टर की पानसर पोस्ट के नजदीक पेट्रोलिंग पार्टी पर सीमा पार से घात लगाकर हमला किया गया। स्नाइपर अटैक में बीएसएफ के सहायक कमांडेंट विनय प्रसाद घायल हो गए। उन्हें उपजिला अस्पताल हीरानगर में पहुंचाया गया, जहां पर गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सैन्य अस्पताल सतवारी (जम्मू) ले जाया गया। वहां सहायक कमांडेंट शहीद हो गए।

डीजी बीएसएफ और अन्य अधिकारियों ने जवान की शहादत को सलाम किया। शहीद विनय प्रसाद (नथुआ, सारण-बिहार) के रहने वाले थे। बीएसएफ की 19वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट विनय प्रसाद पानसर पोस्ट पर तैनात थे। रूटीन की ही तरह बुलेट प्रूफ वाहन में पेट्रोलिंग पार्टी अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक पहुंची।
विज्ञापन


सुबह 10:55 पर पेट्रोलिंग पार्टी वाहन से उतरी ही थी कि पाकिस्तान की अभियाल डोगरा पोस्ट से स्नॉइपर शॉट से बीएसएफ अधिकारी बुरी तरह से घायल हो गए। पाकिस्तान की ओर से पानसर पोस्ट पर घात लगाकर की गई फायरिंग के बाद बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पहाड़पुर पोस्ट से मोर्चा खोल दिया। लगभग आधे घंटे तक पाकिस्तानी पोस्टों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की गई। सुबह लगभग साढ़े 11 बजे दोनों ओर से गोलाबारी थम गई।

वहीं, एलओसी पर सुंदरबनी के सीमावर्ती क्षेत्र दादल में पाकिस्तान की ओर से किए गए सीजफायर उल्लंघन में सेना और सीमा सुरक्षा बल का एक-एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। मंगलवार देर शाम करीब छह बजे माला क्षेत्र की दादल पोस्ट पर पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन कर गोलीबारी की। इसमें वहां तैनात सीमा सुरक्षा बल की 126वीं वाहिनी का अरविंद कुमार और छह जाट रेजीमेंट का आकाश घायल हो गया।

बीएसएफ के जवान की हालत गंभीर होने पर उसे एयर लिफ्ट कर कमान अस्पताल उधमपुर भेजा गया और आकाश का उपचार सीमा पर बने प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में जारी है। वहीं, साढ़े चार बजे से जारी पाकिस्तानी गोलीबारी देर रात तक जारी थी। राजोरी जिला के मेंढर सबडिवीजन के मनकोट व बालाकोट सेक्टर में मंगलवार शाम 7:35 बजे से भारतीय पोस्टों को निशाना बनाकर पाकिस्तान गोलाबारी कर रहा है।

पलांवाला सेक्टर के केरी क्षेत्र में भारतीय लालेयाली पोस्ट को पाकिस्तानी सेना ने निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार सुबह 10.45 बजे फायरिंग शुरू कर दी। उस क्षेत्र में भारतीय सेना की आठ जैकलाई यूनिट तैनात है। दोनों तरफ  से फायरिंग दोपहर ढाई बजे तक जारी रही। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। मंगलवार को नौशेरा के कलाल सेक्टर में दोपहर 12:55 से 2:10 बजे तक पोखरा पोस्ट को निशाना बना कर गोलीबारी की।
विज्ञापन

अपनी करतूत से मुकरा पाक

हीरानगर। पाकिस्तान एक बार फिर अपनी कायराना करतूत से मुकर गया। बीएसएफ की ओर से दोपहर एक बजे पानसर पोस्ट के पिल्लर नंबर 14 पर कमांड स्तरीय लैग मीटिंग बुलाई गई, जिसमें पाकिस्तान की ओर से पहुंचे 80 चिनाब रेेंजर के अधिकारी उनकी ओर से की गई गोलाबारी से मुकर गए।

गुरनाम सिंह के बाद विनय प्रसाद भी स्नाइपर शॉट के हुए शिकार

21 अक्टूबर, 2016 की सुबह बीएसएफ जवान गुरनाम सिंह हीरानगर सेक्टर के बोबिया में पाकिस्तानी स्नाइपर शॉट से शहीद हो गए थे। इस घटना को आतंकी घुसपैठ में नाकामी के ठीक एक दिन बाद अंजाम दिया गया। गुरनाम सिंह ने अपनी पोस्ट की ओर आते पांच से छह आतंकियों को गोलाबारी कर वापस लौटने को मजबूर कर दिया था।

मंगलवार की घटना को भी पाकिस्तान की हताशा से जोड़कर देखा जा रहा है। झज्जर कोटली मुठभेड़ के बाद घुसपैठ के सभी रूट पर निगरानी कड़ी होने के बाद पाकिस्तान आतंकियों को भारतीय सीमा में धकेलने में नाकामयाब रहा है। हालांकि आतंकियों की सीमा पार मौजूदगी और हलचल को लेकर पिछले कई माह से लगातार इनपुट मिलते रहे हैं। मंगलवार को स्नाइपर हमले में सहायक कमांडेंट विनय कुमार शहीद हो गए।

पाकिस्तान लगातार हमले कर रहा

सोमवार को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के गुलपुर सेक्टर के खड़ी करमाड़ा इलाके में गोलाबारी की थी। इससे पहले राजोरी जिले के केरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा की फारवर्ड पोस्ट पर तैनात जवान गत रविवार को पाकिस्तानी स्नाइपर शॉट से घायल हो गया था। शुक्रवार को नौशेरा के पुखरनी क्षेत्र में दो अलग-अलग आईईडी विस्फोट में सेना के एक मेजर और एक सिपाही शहीद हो गए थे, जबकि अन्य दो जवान घायल हो गए थे। इसी दिन सुंदरबनी में पाकिस्तानी सेना के स्नाइपर शाट से सेना के एक पोर्टर की भी मौत हो गई थी। वर्ष 2018 में 2936 सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं हुईं। यह पिछले 15 साल में सर्वाधिक है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें