ज्यौड़ियां। पहलगाम हमले के बाद मिशन सिंदूर के तहत बीती मंगलवार की रात पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की तरफ से की गई कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।
लोगों ने बताया कि जिस दिन से पहलगाम में हमला हुआ है, उस दिन से ही वे लोग बदले की आस लगाए बैठे थे। वहीं दूसरी तरफ दोनों देशों के बीच बनी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए छंब विधानसभा क्षेत्र के एलओसी पर सीमा के साथ सटे गांवों के लोगों को प्रशासन की तरफ से सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर भोजन, पीने का साफ पानी व चिकित्सा आदि के प्रबंध कर लिए गए हैं। इसकी जानकारी एसडीएम खौड़ सतीश कुमार शर्मा ने दी। एसडीएम ने बताया कि सीमावर्ती गांव हमीरपुर सिदड़, सैंथ, घरड़, गिघडे़याल, बदोवाल, पलांवाला, छन्नी दिवानू, पलातन, पलांवाला, पंजतूत, ढड़खौड़,, सामोआ, चपरेयाल, मिलें दी खूई, बटल, ढखर, जोगवां आदि गांवों के लोगों को तनावपूर्ण स्थिति बनने पर सीमा से हट कर थोड़ा सुरक्षित स्थान पर हटने की हिदायत दी गई है। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की तरफ लोगों के लिए पूरी तरह से बंदोबस्त कर लिया गया है। क्षेत्र में सीमा से दूर 18 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें हायर सेकेंडरी स्कूल खौड़, राधा स्वामी सत्संग आश्रम खौड़, न्यू लाइट पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणा, राधा स्वामी सत्संग घर पनेयाली आदि शामिल हैं।
बता दें कि सीमावर्ती 21 गांवों के लोगों के लिए कारगिल युद्ध के दौरान पहले ही सरकार की तरफ से हर परिवार को पांच पांच मरले प्लाॅट देकर दो कॉलोनियों का निर्माण किया गया है, जो अखनूर के गांव नाईवाला और कोढ़ेवाला में स्थित हैं। यहां पर बिजली, पानी जैसी हर तरह की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।