चिनैनी के नरसू नाले में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए आतंकी मोमिन के शव को बीती रात उधमपुर के बाईपास रोड पर किसी अज्ञात स्थान पर दफना दिया गया। शव को चिनैनी में दफनाए जाने के विरोध के बाद पुलिस ने उधमपुर से जिखैनी-फ्लाटा हाईवे के बीच अज्ञात स्थान पर उसे सुपुर्दे खाक कर दिया।
आतंकी हमले की जांच के लिए पुलिस ने भी पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (सिट) का गठन किया है। हालांकि, इस मामले की जांच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपी है।
एनआईए की टीम ने जांच शुरू भी कर दी है। चिनैनी थाने में बीएसएफ की रिपोर्ट पर बुधवार रात को ही एफआईआर (60/2015) में देशद्रोह का मामला दर्ज कर लिया गया था।
एनआईए की जांच के अलावा सिट ने आरपीसी की धारा 120, 120बी, 302, 7/25 आर्म्स एक्ट, 15/16 एक्ट (गैर कानूनी गतिविधियों) के तहत मामला दर्ज किया है।
जबकि देश विरोधी गतिविधियां, साजिश रचने और आंतरिक सुरक्षा पर हमला करने की धाराएं 121, 121 ए को भी जिला मजिस्ट्रेट ने अभियोग के दौरान शामिल करने के आदेश दिए हैं। इन धाराओं को भी दर्ज कर लिया है।