सिडको फेज-3 स्थित फीड इंडस्ट्री का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। सिडको औद्योगिक क्षेत्र फेज-3 स्थित फीड इंडस्ट्री में शनिवार सुबह एक कर्मचारी का शव कार्यालय कक्ष में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान कमल कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी मकान नंबर 267, लासूरी मोहल्ला, बस्ती दानिशमंदा, जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है, जो उक्त उद्योग में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पोस्ट रख अंब टल्ली की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर जिला एफएसएल की टीम तथा क्राइम फोटोग्राफर को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई शुरू की जाएगी। उधर, फैक्ट्री में शव मिलने की घटना के बाद अन्य कर्मचारियों में दहशत है। हर कोई इस मौत से सदमे में है। क्योंकि कोई हत्या तो कोई आत्महत्या से कड़ी जोड़ रहा है। पुलिस फैक्ट्री की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।