राज्य सरकार और जम्मू-कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन के लिए सोमवार से कड़ी परीक्षा की घड़ी शुरू हो रही है। कश्मीर संभाग में सोमवार से बोर्ड की परीक्षाएं आरंभ हो रहीं हैं और सरकार के लिए सफलतापूर्वक परीक्षाएं करवाना बड़ी चुनौती है। सोमवार को 10वीं का पहला पेपर है और मंगलवार से 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हो रही हैं।
आठ जुलाई को मुठभेड़ में आतंकी बुरहान की मौत हो जाने के बाद से घाटी में हालात खराब हैं। चार महीने से स्कूलों में शिक्षा प्रभावित है। स्कूली शिक्षा बोर्ड ने सितंबर में तय समय पर बोर्ड परीक्षाएं करवाने का एलान और डेटशीट जारी कर दी थी। विद्यार्थियों व कई राजनीतिक संगठनों ने इसका विरोध किया था।
इसके बावजूद बोर्ड व सरकार परीक्षाएं तय समय पर करवाने के लिए अडे़ रहे। इसी बीच, बोर्ड ने ओपन च्वाइस की छूट का एलान कर दिया। साथ ही मार्च में परीक्षा लेने का भी विकल्प रखा है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार 98 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड ले चुके हैं।