जम्मू। कोविड संकट के बीच अमर उजाला फाउंडेशन वीरवार को राष्ट्रीय स्वेच्छिक रक्तदान दिवस पर महेशपुरा चौक स्थित रेडक्रास अटेंडेंट सराय में रक्तदान शिविर लगाएगी। रक्तदाता रक्तदान कर कई संदेश के साथ नए जीवन की शुरुआत करें। शिविर सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसमें बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के पहुंचने की उम्मीद है।
कोविड संकट के बीच सरकारी अस्पतालों में मरीजों को खून के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। इस महामारी के बीच खुलकर रक्तदाता आगे नहीं आ पाए हैं। लेकिन अमर उजाला के रक्तदान शिविर में आप यह पुण्य कमा सकते हैं। इस शिविर में अधिक से अधिक रक्तदाता पहुंचकर किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकते हैं। रक्तदान को लेकर अभी भी लोगों में कई भ्रांतियां हैं। कई लोगों में यह धारणा होती है कि उमस के दौरान रक्तदान से शारीरिक तंदुरुस्ती में कमी आ जाती है। लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों के अनुसार ऐसा नहीं होता है। जीएमसी की ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग की एचओडी डॉ. मीना सिद्धू का कहना है कि मानव शरीर में चौबीस घंटे के भीतर संबंधित सेल खून की मात्रा को पूरा कर लेते हैं। इस रक्तदान से सरकारी अस्पतालों के ब्लड बैंकों में खून की कमी को पूरा करके मरीजों को राहत दी जाती है। रक्तदान से कई बीमारियों का भी पता चलता है। रक्तदानियों की कमी से अस्पतालों में खून की उपलब्धता और मांग में अंतर बढ़ा है।