चुनाव बाद होने वाले गठबंधन की ओर इशारा करते हुए श्रीनगर में भाजपा नेता राम माधव ने गुरुवार को कहा कि कई ऐसे राजनीतिक दल हैं जो राज्य में सरकार बनाने के लिए समर्थन देने को तैयार हैं।
श्रीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के जनरल सेक्रेटरी राम माधव ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि वह जम्मू कश्मीर में अपनी सरकार बनाएंगे।
अगर जरूरत पड़ेगी तो हम अपने मित्रों से समर्थन हासिल कर सरकार का गठन करेंगे। पार्टी राज्य में मिशन 44 प्लस को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रही है।
जम्मू कश्मीर में सदियों से चले आ रहे वंश राज पर राम माधव ने कहा कि राज्य में अधिकतर राजनीतिक दलों में वंश राज चलता है, जिससे राज्य में विकास की नीतियों का सही ढंग से क्रियान्वयन नहीं हो पाता। उन्होंने नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी की आलोचना भी की।
राम माधव ने कहा कि नेकां का 2014 का घोषणापत्र वर्ष 2008 के घोषणापत्र की कार्बन कापी है। नेकां की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी पार्टी होने के बावजूद वह राज्य में विकास नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य है राज्य में विकास पर ध्यान देना।
हम राज्य में रोजगार देने के साथ साथ इसे हाईटेक राज्यों में शामिल करवाना चाहते हैं। माधव ने जनता से अपील की कि वह भाजपा को वोट दें ताकि भाजपा राज्य में अपनी पकड़ मजबूत कर सके, जिससे लोगों को वंश राज वाले भ्रष्ट नेताओं से छुटकारा मिल सके।