बापू का स्थान कोई और नहीं ले सकता है। मोदी सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए रास्तों का सही मायने में पालन करते हुए उनके सपनों को साकार कर रही है। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में पीएमओ में केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि बापू की स्वच्छता नीति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही स्वच्छता का राष्ट्रव्यापी अभियान चलाकर देश के कोने-कोने में जागृति पैदा की है। जन-धन योजना भी बापू के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की नीति को जमीन पर उतारने का प्रयास है।
बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवानों के अव्यवस्था संबंधी वीडियो वायरल होने से संबंधित सवाल पर डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने का काम कर रहा है और उन्हें हर सुविधा मुहैया करवाई जा रही है।
पाकिस्तान की ओर से जम्मू कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला संयुक्त राष्ट्र ले जाने के मामले में सिंह ने कहा कि पाकिस्तान में क्या हो रहा है, पूरा विश्व जानता है। बलूचिस्तान हो या फिर बाल्टीस्तान, वहां पर मानवाधिकारों का जमकर उल्लंघन हो रहा है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी शक्तियों का संगठन है।
नए साल में आतंकी बुरहान वानी की फोटो के कैलेंडर के बारे में उन्हाेंने कहा कि ऐसे तत्वों को सेलिब्रेट करना और उनकी फोटो को छाती के साथ चिपकाने से राष्ट्रवादियों का मनोबल गिरता है। भाजपा राष्ट्रवादी शक्तियों के साथ है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पत्थरबाजों को मुआवजा देने के बारे में कार्यकारिणी की बैठक में मंथन किया गया है।