जी कृष्ण रेड्डी और रविंद्र रैना
- फोटो : एक्स/रविंद्र रैना
आगामी जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। सोमवार को भाजपा ने केंद्रीय मंत्री जी कृष्ण रेड्डी को जम्मू कश्मीर का पार्टी प्रभारी नियुक्त किया। इसके लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैने ने उन्हें शुभकामानएं दी हैं। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को जम्मू-कश्मीर में सितंबर तक चुनाव कराने का निर्देश दिया है। वहीं, लोकसभा चुनाव के बाद चुनाव आयोग भी प्रदेश में चुनाव कराने की बात कह चुका है।
इसके साथ ही भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को विधानसभा चुनाव वाले महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पार्टी के चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारियों को जिम्मेदारियों सौंपीं।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव राज्य के सह-प्रभारी होंगे।
इसमें कहा गया है कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हरियाणा के लिए भाजपा का चुनाव प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राज्य का सह-प्रभारी बनाया गया है। बयान में कहा गया है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान झारखंड के चुनाव प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राज्य के सह-प्रभारी हैं। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं