लेह स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद चुनाव में दो तिहाई बहुमत लेकर इतिहास रच चुकी भाजपा काउंसलरों के मंगलवार तीन नवंबर को ताज पोशी समारोह में भाजपा और पीडीपी के आला नेता हिस्सा लेंगे।
इन नेताओं में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जम्मू कश्मीर प्रभारी अविनाश राय खन्ना, पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा, शिक्षा मंत्री नईम अख्तर समेत दोनों पार्टियों के कई अन्य नेता भी भाजपा के मुख्य कार्यकारी काउंसलर समेत अन्य काउंसलरों को आर्शिवाद देने पहुंचेंगे।
सोमवार को लेह पहुंच उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा, लेह चुनाव के प्रभारी एवं विधायक सत शर्मा, महासचिव एवं सह प्रभारी मुनीश शर्मा ने काउंसलरों से मुख्य कार्यकारी काउंसलर के नाम पर चर्चा की।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा का कहना हैं कि मुख्य कार्यकारी काउंसलर (सीईओ) के नाम पर विस्तार से चर्चा हो गई है। मंगलवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना और महासचिव राम माधव के पहुंचने पर नाम का विधिवत ऐलान किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर बारह बजे होगा।
लेह परिषद चुनाव में भाजपा ने कुल 26 सीटों पर हुए चुनाव में 18 सीटें जीती हैं। कांग्रेस को पांच व नेकां को दो सीटें हासिल हुईं। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीता है।