दो अक्टूबर से 175 किलोमीटर रेलवे ट्रैक मानव अपशिष्ट से मुक्त हो जाएगा। भारतीय रेल ने दो मार्गों पर चलने वाली रेलगाड़ियों में इसी उद्देश्य से बायो-टॉयलेट लगाए हैं।
उल्लेखनीय है कि दो अक्टूबर को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लांच किए गए स्वच्छ भारत अभियान के एक साल पूरे हो रहे हैं। चालू वित्त वर्ष में भारतीय रेल ने 367 किलोमीटर रेलवे ट्रैक को मानव अपशिष्ट से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है, इसमें से 175 किलोमीटर दो अक्टूबर से अपशिष्ट मुक्त हो जाएगा।
इस प्रक्रिया से जुड़े रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, शुरुआत में कनालुस-द्वारका-ओखा का 141 किलोमीटर ट्र्रैक और पोरबंदर-वांसजल्य का 34 किमी ट्रैक दो अक्टूबर से पूरी तरह मानव अपशिष्ट मुक्त हो जाएगा।