चतुर्थ श्रेणी की भर्ती में धांधली के आरोप लगने पर विजिलेंस टीम ने शनिवार को ब्रिगेडियर राजिंद्र चौक स्थित शिक्षा विभाग, जम्मू में छापामारी की और सारा रिकार्ड सीज कर लिया। देर रात तक विजिलेंस टीम की कार्रवाई जारी थी।
एसएसपी विजिलेंस आरके चलोत्रा के मुताबिक कई पीड़ित उम्मीदवारों ने भर्ती में गड़बड़ी और पैसे का खेल होने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी, जिसके आधार पर सारा रिकार्ड सीज कर लिया गया है।
शिक्षा विभाग में पिछले साल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भर्ती निकली थी, जिसके लिए सैकड़ों उम्मीदवार ने आवेदन किए थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती कर ली गई, लेकिन इस पर आवेदकों की ओर से एतराज जताया गया और इसका विरोध भी हुआ, लेकिन शिक्षा विभाग ने उनकी एक न सुनी।
पैसे के लेन-देन की आशंका
तब पीड़ित आवेदकों ने विजिलेंस को लिखित में शिकायत देते हुए बताया कि शिक्षा विभाग ने भर्ती के लिए योग्य उम्मीदवार की अनदेखी की है और उन लोगों को भर्ती किया गया है जो भर्ती के लिए योग्य नहीं थे या अन्य उम्मीदवारों से बहुत कम शिक्षित थे।
एसएसपी विजिलेंस आरके चलोत्रा के मुताबिक लिखित और मौखिक रूप में सैकड़ों उम्मीदवारों ने शिकायतें दी थीं, जिसके आधार पर जब उन्होंने अपने स्तर पर एकाध मामले की जांच आगे बढ़ाई तो कुछ बातें साफ होने लगीं, तब उन्होंने टीम गठित करके शिक्षा विभाग में छापा मारा और भर्ती से जुड़ा सारा रिकार्ड सीज कर लिया है।
एसएसपी विजिलेंस के मुताबिक शिकायतों में पैसे का लेन-देन करके भर्ती किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। अब रिकार्ड खंगालने के साथ-साथ यह देखा जाएगा कि शिक्षा विभाग ने भर्ती के लिए विज्ञापन कब निकाला था, कितनी भर्ती हुई, भर्ती की प्रक्रिया क्या थी, किसने भर्ती की, किस आधार पर भर्ती की गई, कैटागरी क्या रखी गई थी, क्या नहीं रखी गई थी और कितने लोगों ने भर्ती के लिए इंटरव्यू आदि दिया था।