सर्दियों का टूरिस्ट सीजन सिर पर है, लेकिन, सैलानियों की खिदमत के इंतजाम नदारद हैं। रियासत के पहलगाम सहित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटन विभाग की संपत्तियों (होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, हट) की आउट सोर्सिंग अटकी पड़ी है।
आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद बने बिगड़े हालात से आउट सोर्सिंग की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई है।यहां तक कि जिन लोगों के पास आउट सोर्सिंग का कांट्रैक्ट था, वे भी पर्यटन विभाग की संपत्ति को संभालने से किनारा कर चुके हैं। ऐसे हालात में पर्यटन विभाग रियायतों से लोगों को रिझाने की कोशिश में है।
सर्दियों में बर्फबारी और गर्मियों के सीजन में घास गलीचों के मैदान व देवदार के जंगलों से घिरे विहंगम पर्यटक स्थलों पर पर्यटन विभाग की संपत्तियां हैं। राज्य की 42 लोकेशन पर लगभग 90 संपत्तियां हैं जिनका संचालन जम्मू-कश्मीर टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (जेकेटीडीसी) करता है। इनमें से 21 संपत्तियां पर्यटकों की पसंदीदा मानी जाती हैं।