जम्मू कश्मीर में खेलो इंडिया का आयोजन
- फोटो : demo pic
ग्रामीण क्षेत्रों में युवा प्रतिभा को बाहर लाने के लिए राज्य में आगामी 15 दिसंबर से खेलो इंडिया योजना को शुरू किया जा रहा है। पहले चरण में जम्मू और कश्मीर संभाग के आठ-आठ जिलों को कवर किया जाएगा। फिटनेस प्रक्रिया में चयनित होने वाले खिलाड़ियों के लिए दस दिन का विशेष कोचिंग कैंप लगाया जाएगा।
इसमें अगले दो दिन खेलो इंडिया में लड़कों के वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जम्मू-कश्मीर स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल के मुख्य खेल अधिकारी अब्दुल क्यूम के अनुसार खेलो इंडिया योजना को सफल बनाने के लिए सारी तैयारियां की जा रही हैं। इसमें करीब 860 युवा खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा।
काउंसिल के शेड्यूल में कश्मीर संभाग में अनंतनाग में क्रिकेट, फुटबाल, नेटबाल, बांडीपोरा में वालीबाल, जूडो, बारामुला में एथलेटिक्स, हैंडबाल, बड़गाम में हाकी, एथलेटिक्स, गांदरबल में वालीबाल योगा, पुलवामा में फुटबाल, क्रिकेट, शोपियां में कबड्डी, थांगथा और उड़ी में खो-खो तथा क्रिकेट कैंपों के साथ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
कई खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
हाकी समेत कई खेल होंगे आयोजित
- फोटो : डेमो फोटो
जम्मू संभाग के पुंछ जिले में बाक्सिंग, हाकी, राजोरी में वालीबाल, कबड्डी, उधमपुर में हाकी, योग, रियासी में फेंसिंग, जूडो, कठुआ में जूडो, वालीबाल, आरएस पुरा में रेसलिंग, एथलेटिक्स, सांबा में फुटबाल वुशू और हीरानगर में फुटबाल, हाकी को शामिल किया गया है। इन प्रतियोगिताओं में विजेता को 350, उपविजेता को 250 और तीसरे स्थान वाले को 150 रुपये की राशि पुरस्कार में दी जाएगी।
इसके अलावा खिलाड़ियों को रिफ्रेशमेंट, उपकरण, टी शर्ट और प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। कैंप और प्रतियोगिता के लिए इच्छुक खिलाड़ी 28 नवंबर से 6 दिसंबर तक संभागीय खेल अधिकारी जम्मू और कश्मीर से आवेदन ले सकते हैं। इसके अलावा संबंधित जिलों के इंचार्ज के पास भी को यह सुविधा दी गई है।
आवेदन लेने पर काउंसिल की ओर से खिलाड़ी से बीस रुपये फीस ली जाएगी। यह राशि संबंधित जिला स्तर के यूनिटों के विकास पर खर्च होंगे।