जम्मू कश्मीर पुलिस ने माना है कि पावन नवरात्र में सुरक्षा व्यवस्था एक बड़ी चुनौती है। किसी तरह के कोई इनपुट तो पुलिस के पास नहीं हैं, लेकिन कोई अनहोनी घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। कटड़ा से लेकर जम्मू संभाग के तमाम बड़े धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पुख्ता की गई है। नवरात्र को लेकर पुलिस के पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त हैं।
आईजी जम्मू एसडी सिंह जम्वाल का कहना है कि आगामी प्रधानमंत्री दौरा, कश्मीर में उप चुनाव और नवरात्र की सुरक्षा एक चुनौती है। तीन दिन पहले ही पुलिस कर्मी से गन छीनने का मामला सामने आया। यह तमाम बातें हैं, जिनको लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है।
एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। कहा कि पहले से ही कटड़ा में कड़े बंदोबस्त हैं और पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात रहती है, जो सुरक्षा का हिस्सा है। रही बात प्रधानमंत्री के दौरे और नवरात्र की तो इसके लिए थ्री टायर सुरक्षा घेरे के इंतजाम किए गए हैं।