जम्मू हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दिल्ली से आई एयर इंडिया की उड़ान के जम्मू पहुंचने पर हवाई पट्टी पर टायर फट गए। हादसे का कारण ब्रेक फेल हो जाना बताया गया है। इस वजह से टायर हवाई पट्टी पर फिसल गए।
विमान में कुल 134 यात्री सवार थे। हादसे के बाद जम्मू से तमाम आने जाने वाली उड़ानें अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। जम्मू एयरपोर्ट के निदेशक डीके गौतम ने बताया कि विमान को हादसा स्थल से हटा दिया गया है। हवाई पट्टी को कोई नुकसान नहीं हुआ है, इसलिए शनिवार से उड़ानें सुचारु कर दी जाएंगी।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर 821 ने दिल्ली से 11 बजे उड़ान भरी जो जम्मू एयरपोर्ट पर 12.15 बजे उतरी। तभी ब्रेक फेल हो जाने से यह हादसा हुआ, जिससे विमान के चारों टायर फट गए। हालांकि पायलट की सूझबूझ से यात्रियों की जान बच गई।