साईं एसटीसी जम्मू में विश्व साइकिल दिवस और फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्व साइकिल दिवस व फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम हुआ। भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) के स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी), एमए स्टेडियम जम्मू की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 400 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों, साइकिलिंग प्रेमियों और विभिन्न खेल एवं फिटनेस क्लबों के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण साइकिल रैली रही। सुबह से ही हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ था। उनमें उत्साह और उमंग का माहौल था। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर फिटनेस, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ योग और रोप स्किपिंग गतिविधियां भी आयोजित की गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि मेजर रजत शर्मा और एसटीसी प्रभारी तौसीफ अहमद ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति, वुशु खिलाड़ी ऐरथ वांगू, जिया मन्हास, रुद्र प्रताप सिंह, सूर्यांश सिंह और हितान्या महाजन शामिल थीं। मुख्य अतिथि ने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।