निजी कंपनी में हुई धोखाधड़ी मामले में तीन और लोग गिरफ्तार किए गए हैं। मामले के तार सट्टेबाजी से जुड़ने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि यह सट्टेबाजी का इंटर स्टेट गैंग है।
मंगलवार को पुलिस ने कुछ और पैसे बरामद किए हैं। पहले दिन पुलिस ने पांच आरोपी पकड़े थे। अब तीन और पकड़े गए हैं। इनमें एक उधमपुर और एक सांबा का शामिल है। अभी तक बाहरी राज्यों से कोई नहीं पकड़ा गया है।
उल्लेखनीय है कि एसपी साउथ शहजाद सलारिया के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है। डीएसपी ईस्ट चंदन कोहली का कहना है कि मामला इंटर स्टेट सट्टेबाजी का लगता है। इसमें पंजाब के लोग भी हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कॉल डिटेल के माध्यम से कई लोगों का पता लगाया है। इनमें से अभी कोई पकड़ा नहीं गया है।
तलाश के लिए बाहरी राज्यों में भी पुलिस टीम को भेजा गया है। बहुत जल्द यह लोग पकड़े जाएंगे। बताते चलें कि तीन दिन पहले त्रिकुटा नगर स्थित सीएमएस इफो सिस्टम लिमिटेड के सरदारी लाल ने पुलिस के पास रविवार को शिकायत दर्ज कराई थी।
इसमें उन्होंने बताया कि कंपनी में काम करने वाले पल्ली सांबा के रहने वाले दीपक कुमार ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। इसके बाद मामले को गंभीर देखते हुए एसएसपी जम्मू सुनील गुप्ता ने सिट का गठन किया। अब तक पुलिस ने दस लाख रुपये तक की रिवकरी की है। अब भी करीब 60 लाख बकाया हैं।