उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में गुरुवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर समेत तीन आतंकियों को मार गिराया। वहीं ये मुठभेड़ शुक्रवार को भी जारी है, जिसमें एक अन्य आतंकी ढेर हुआ है। मारा गया सरगना यूसुफ कांटरू बडगाम जिले में हाल ही में आतंकी हमले में मारे गए एसपीओ और उसके भाई, पूर्व बीडीसी चेयरमैन भूपेंद्र सिंह की हत्या के अलावा अन्य कई हत्याओं में शामिल था। सूत्रों के अनुसार यूसुफ 2017 से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था। मुठभेड़ में सेना के चार और जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक जवानभी घायल हुए हैं।
आईजी कश्मीर विजय कुमार के अनुसार, बडगाम पुलिस को इनपुट मिला था कि बारामुला जिले के मलवाह इलाके में पांच आतंकी छिपे हुए हैं। जिसमें तीन स्थानीय और दो पाकिस्तानी हैं। सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सेना और सीआरपीएफ के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया। जैसे ही सुरक्षाबल इलाके में दाखिल हुए तो एक मकान में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसमें सेना के तीन व पुलिस का एक जवान घायल हो गए। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कल तीन आतंकियों को मारा था जबकि शुक्रवार को एक और आतंकी को ढेर किया है। इसमें लश्कर का शीर्ष कमांडर यूसुफ कांटरू भी मारा गया। वह हाल ही में बडगाम जिले में पुलिस के एसपीओ और उसके भाई, एक सैनिक व एक नागरिक की हत्या सहित नागरिकों और सुरक्षा कर्मियों की कई हत्याओं में शामिल था। उसने बीडीसी अध्यक्ष सरदार भूपिंदर सिंह की 23 सितंबर 2020 को बडगाम जिले के खाग क्षेत्र में उनके पैतृक स्थान में हत्या कर दी थी। खाग थाने में आतंकी कांटरू के खिलाफ कई मामले दर्ज थे।