जम्मू भाजपा को बीडीसी चुनाव में तगड़ा झटका लगा है। कई दिग्गजों के इलाके में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। लोकसभा चुनाव में जहां उधमपुर-डोडा व जम्मू-पुंछ सीट पर पार्टी को भारी जीत मिली थी वहीं लगभग पांच माह में हुए बीडीसी चुनाव में उसे निर्दलियों से मुंह की खानी पड़ी।
नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के सभी तीन ब्लाक में पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। इस सीट से मौजूदा सांसद जुगल किशोर शर्मा प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विजयपुर विधानसभा की सभी सीटें भी पार्टी हार गई। यहां से पूर्व मंत्री चंद्रप्रकाश गंगा चुनाव जीते थे। बिलावर और नौशेरा विधानसभा में आधी सीटें जीतने में पार्टी सफल रही।
बिलावर से स्पीकर डॉ. निर्मल सिंह और नौशेरा से पार्टी अध्यक्ष रवींद्र रैना विधायक रहे हैं। कालाकोट विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी को जीत का स्वाद नहीं मिला। जम्मू संभाग के केवल किश्तवाड़ जिले में निर्दलियों से भाजपा प्रत्याशियों की संख्या अधिक रही, जबकि अन्य नौ जिलों में जीत दर्ज कराने में निर्दलीय हावी रहे।
बताते हैं कि टिकट वितरण से कई दावेदारों में नाराजगी थी। इस वजह से कई ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ ताल भी ठोंकी। ज्ञात हो कि कश्मीर संभाग में भाजपा के 18 व 109 निर्दलीय चुनाव जीतने में कामयाब रहे। लद्दाख संभाग में भाजपा की झोली में 11 व निर्दलियों की झोली में 20 सीटें आईं।
जनता ने भाजपा को नकारा: नेकां
नगरोटा के पूर्व विधायक और नेकां के संभागीय प्रधान देवेंद्र सिंह राणा का कहना है कि बीडीसी चुनाव परिणाम दर्शाते हैं कि लोग राज्य के भाजपा नेतृत्व से नाराज हैं। इस वजह से उन्होंने भाजपा को नकारा है। लोकसभा चुनाव में मोदी फैक्टर की वजह से उसे जीत हासिल हुई।