नवरात्रि महोत्सव का मुख्य आकर्षण का केंद्र अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता के प्रारंभिक मुकाबले के पहले दिन गायकों ने सुर-ताल के अटूट संगम का बेहतरीन अहसास कराया। इससे आने वाले दिनों में मुकाबला और कड़ा होने की उम्मीद है। पहले दिन की प्रतियोगिता में रियासी के आयूष ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर अमृतसर के रशपाल-किरपाल ब्रदर को मिला। जम्मू की सुष्मिता और उधमपुर की अनन्या को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आयूष ने दमा दम मस्त कलंदर... गाकर सबका मन मोह लिया और सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। इसके लिए उन्हें दस हजार का पुरस्कार दिया गया। अमृतसर के रशपाल-किरपाल भाइयों की भेंट प्यार-प्यार हो मेरा सतगुरु.. को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
सुष्मिता की भेंट जी करदा मेरा दातिया... व अन्नया की भेंट तूने मुझे बुलाया... को तीसरा स्थान मिला। दूसरे स्थान के विजेता को पांच तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले विजेता को तीन हजार की धनराशि दी गई। मुख्य अतिथि ने पहले तीन स्थान पर रहने वाले विजेता को अलग से 31-31 सौ की राशि देने की घोषणा की। प्रतियोगिता में जज की भूमिका गायक शंकर साहनी, ऊषा भगाती, सुरेंद्र कुमार व सीएल वर्मा ने निभाई। संचालन राकेश वजीर ने किया।