Basant Rath Resignation
- फोटो : सोशल मीडिया
बसंत रथ ऑन ड्यूटी काले लिबास में पहुंच जाते थे कार्रवाई करने
यातायात महानिरीक्षक के रूप में बसंत रथ का कार्यकाल काफी चर्चित रहा है। एक वक्त ऐसा था जब काले जूते, काली पैंट और काली टी शर्ट पहने बसंत रथ को देखकर वाहन चालकों के चेहरों का रंग उड़ जाता था। बसंत रथ को काला लिवास खाकी से भी ज्यादा पसंद था। वह ऑन ड्यूटी भी काला लिबास पहनकर शहर की सड़कों पर कार्रवाई करने उतर जाते थे। उनकी बेबाक छवि ने शहर में यातायात व्यवस्था को पटरी पर ला दिया था। सड़कों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने में रथ का बड़ा योगदान रहा है।
उल्लेखनीय है कि बसंत रथ को 2018 में जम्मू में यातायात पुलिस का आईजी बनाया गया था। पद संभालने के बाद बसंत रथ काला लिबास पहनकर शहर के किसी भी चौक चौराहे और सड़क पर खड़े हो जाते थे। उनके इस अंदाज को शहर में खूब पसंद किया गया और वह चर्चा का विषय बन गए थे। हालांकि कुछ लोगों ने उनके द्वारा की गई कार्रवाई के तौर-तरीकों के खिलाफ आवाज भी उठाई।
बसंत रथ ने एक आईजी स्तर के अधिकारी के बेटे का चालान भी काट दिया था। वह लोगों के साथ सेल्फी भी लेते थे। जानकारी के अनुसार रथ कश्मीर से चुनाव लड़ सकते हैं, क्योंकि उनका कश्मीर से काफी प्रेम रहा है। उन्होंने कश्मीर में काफी मशूहर कांगड़ी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर नाम के साथ जोड़ रखा है।
विवादों से रहा ज्यादा नाता
बसंत रथ जम्मू -कश्मीर के संभवत: एक मात्र आईपीएस अफसर हैं, जिनका विवादों से सबसे ज्यादा नाता रहा है। कारोबारी नागर सिंह उर्फ नागो को थप्पड़ मारने और उनसे गाली गलौज का वीडियो वायरल होने की बात हो या फिर डीजीपी दिलबाग सिंह पर टिप्पणी हो। कई बार वह सुर्खियों में रहे।