पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बारामुला जिले के बोनियार जाकर रेप और मर्डर के शिकार बच्ची की मां से मुलाकात की और दुख जताया। उनके साथ पीडीपी के वरिष्ठ नेता अलताफ बुखारी के अलावा अन्य नेता और कार्यकर्ता भी थे।
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए महबूबा ने कहा कि छोटी बच्ची के साथ जो जुल्म हुआ, इसके लिए बच्ची की मां के सामने हम सब कश्मीरी शर्मिंदा हैं। बच्ची की मां झारखंड से है। महबूबा ने इस घटना में पुलिस की भूमिका पर संतोष जताया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह की हरकत उस बच्ची से साथ हुई, उसकी निंदा करने के लिए मेरे पास अल्फाज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस दरिंदगी में जो कोई भी शामिल है, खासकर उस उस महिला ने जिसने ये साजिश रची, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह भी कहा कि हालांकि जिसने इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया है वह नाबालिग जरूर है, लेकिन उसने हैवानों से बत्तर काम किया है।
गौरतलब है कि महबूबा ने कहा कि समाज को भी जाग जाना चाहिए। हमारे समाज में जो धार्मिक नेता हैं, उन्हें भी इस पर गौर करना चाहिए कि हमारा समाज किस तरफ जा रहा है।