जम्मू। इस बार हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जम्मू का चुनाव कड़ी निगरानी में होगा। उम्मीदवार मतदाताओं को रिझाने के लिए खर्च करने वाले लाखों रुपये नहीं उड़ा सकेंगे। चुनाव कमेटी ने चुनाव प्रचार के लिए उम्मीदवारों पर कई तरह की बंदिशें लगाई हैं। उम्मीदवार हर चुनाव में लाखों रुपये उड़ा कर पार्टियों के आयोजन करते हैं। इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ऐसा पहली बार किया जा रहा है। जब उम्मीदवारों के खर्च पर नियंत्रण किया गया है।
उम्मीदवार हाईकोर्ट परिसर में अपने नाम का फ्लेक्स बोर्ड, होर्डिंग, किसी तरह का इश्तिहार, पंफलेट या बैनर नहीं लगा पाएंगे। न ही हाईकोर्ट में लंच और डिनर जैसे आयोजन होंगे। सिर्फ 40 से 50 सदस्यों की बैठक और चाय पानी की व्यवस्था की जा सकती है। उम्मीदवार अपना प्रचार सदस्यों के पास निजी तौर पर जाकर कर सकेंगे। या फिर उम्मीदवार वकीलों के चैंबर में जाकर उनसे वोट मांग सकते हैं।
चुनाव कमेटी के चेयरमैन सुरिंदर सिंह ने बताया कि उम्मीदवार कोर्ट परिसर में किसी तरह का बोर्ड, बैनर, इश्तिहार नहीं लगा सकते। वह लोग मनचाहा खर्च नहीं कर सकते। बार एसोसिएशन अपने स्तर पर हाईकोर्ट परिसर में तीन से चार जगहों पर सभी उम्मीदवारों के नाम, उनकी तस्वीरें और चुनाव चिन्ह वाले बोर्ड लगाएगा, जिसके माध्यम से उनका प्रचार होगा।
चेयरमैन का कहना है कि हर बार चुनाव में कई उम्मीदवार लाखों रुपये खर्च कर लेते थे। वहीं, कई उम्मीदवार खर्च नहीं कर पाते थे। चुनाव में हर किसी को बराबरी से लड़ने का हक देने के लिए ऐसा किया गया है।