जम्मू। हाईकोर्ट की बार एसोसिएशन के चुनाव पर अभी सहमति नहीं बनी है। एसोसिएशन ने चुनाव कराने के लिए सदस्यों की राय मांगी थी। जिस पर मिलीजुली प्रतिक्रिया आई है। लिहाजा अभी चुनाव के लिए बनने वाली कमेटी भी गठित नहीं हो सकी है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने में अभी वक्त लग सकता है।
बार एसोसिएशन के चुनाव मई महीने में होने थे, लेकिन कोरोना काल की वजह से चुनाव नहीं कराए जा सके। कुछ दिन पहले बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिनव शर्मा ने कहा था कि चुनाव कराने को लेकर सदस्यों की राय मांगी जाएगी। इसके बाद एक चुनाव कमेटी गठित होगी, जो तय करेगी कि चुनाव किस तरह से होने हैं। बार एसोसिएशन के उपप्रधान रोहित भगत ने बताया कि बहुत से सदस्यों से बात की गई। वरिष्ठ सदस्यों के सुझाव मांगे गए। सबकी मिलीजुली प्रक्रिया आई है। कोई चाहता है कि चुनाव हों और कुछ लोगों का कहना है कि इस समय कोरोना के मामले काफी बढ़ रहे हैं, इसलिए चुनाव कराना ठीक नहीं होगा। अभी चुनाव कमेटी भी नहीं बनी है। जल्द ही इसका निर्णय लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के साथ चार हजार से अधिक सदस्य जुड़े हैं, लेकिन अभी चुनाव होता नजर नहीं आ रहा। कुछ वकीलों ने मौजूदा बार पर आरोप भी लगाए थे कि जानबूझ कर चुनाव नहीं कराया जा रहा है। मौजूदा पदाधिकारी एसोसिएशन पर कब्जा करके बैठे हैं। इस पर बार के प्रधान अभिनव शर्मा ने कहा था कि कुछ वकील ऐसा कहते हैं, लेकिन उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है।