आरएस पुरा। सीमांत गांव निकोवाल में बंकर की सफाई करते समय भीतर से पानी निकालते हुए एक युवक की बिजली के करंट से मौत हो गई। उसकी पहचान 35 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र राम लाल के रूप में गई।
बताया जा रहा है कि सुनील बंकर में पानी की मोटर लगाकर इसे साफ करने के लिए पानी निकाल रहा था। बंकर में पानी जमा होने पर बिजली की तार में चपेट में आने पर उसकी मौत हो गई। करंट लगने पर परिजनों की ओर से उसे उपचार के लिए आरएस पुरा उप जिला अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच कर मृत घोषित कर दिया। मां पाशों व बहन अनीता ने कहा कि उनके लिए तो पाकिस्तान से युद्ध चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों देशों के मध्य तनाव न बनता तो सुनील की जान नहीं जाती। उन्होंने कहा कि तीन बहनों का इकलौता भाई था। माता-पिता पहले से ही दिव्यांग होने पर घर का खर्च सुनील पर ही निर्भर था। विधायक प्रो. गारू राम ने उप जिला अस्पताल में पहुंच परिवार के लोगों से संवेदना व्यक्त करने के साथ एसडीएम आरएस पुरा से सुनील के परिजनों की सहायता करने की मांग की।