सांबा। केंद्र सरकार की ओर से भारत-पाक सीमा के निकट रहने वाले ग्रामीणों और स्कूलों में बंकर बनाए जाने की योजना शुरू की गई थी लेकिन सरकारी विभागों की अनदेखी के कारण काम अधर में है।
इसमें सीमावर्ती क्षेत्रों के स्कूलों में भी कम्युनिटी बंकर बनाए जाने हैं ताकि पाकिस्तान की ओर से की जाने वाली गोलीबारी के दौरान स्कूली छात्रों को बंकरों में रखा जा सके। चक दुल्मा पंचायत के सरकारी हाईस्कूल चक सद्दा में बनाए जा रहे बंकर का काम अधूरा पड़ा है। बंकर की छत तक नहीं डाली गई है। आठ फुट तक दीवार तो बना दी गई लेकिन उस पर छत नहीं डाली गई है। इससे कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पूर्व सरपंच विनय शर्मा ने बताया कि इस बारे में उन्होंने विभागीय इंजीनियर से जानकारी चाही तो उन्होंने कहा कि बंकर की दीवारें सही नहीं थीं। उन्होंने ठेकेदार को दीवारें सही करने के बाद छत डालने को कहा था लेकिन ठेकेदार ने ऐसा नहीं किया है। इस कारण विकास अधर में है। उन्होंने कहा कि बंकर को शीघ्र मुकम्मल किया जाए ताकि बारिश के दौरान बंकर में पानी भर जाने से कोई नुकसान न हो जाए।
बाक्स
भुगतान नहीं होने कारण बंकर का काम अधूरा है। हमें समय पर बिल का भुगतान ही नहीं किया जाता है। आज भी कई बंकरों का हमारा भुगतान बकाया है। ऐसे में हम काम को कैसे पूरा करें।
-रमण कुमार
ठेकेदार चक सद्दा राजपुरा
बाक्स
हमें जानकारी मिली है कि सरकारी स्कूल में बंकर का काम अधूरा है। हमने ठेकेदार को नोटिस जारी किया है कि वह काम को पूरा करें। यदि नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-शिवाली चौधरी
बीडीओ ब्लाॅक राजपुरा सांबा