गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को दो आतंकी संगठनों जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स (जेकेजीएफ) और खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही मंत्रालय ने पंजाब में उग्रवाद और अशांति फैलाने के मामलों में शामिल हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा को आतंकवादी घोषित किया है।
जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान में बैठे आतंकी आकाओं द्वारा कई नई रणनीतियां अपनाई जाती रही हैं। उनमें से एक थी गजनवी फोर्स का गठन। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार इस फोर्स का गठन फरवरी, 2020 में जैश-ए-मोहम्मद द्वारा किया गया था।
पुलवामा जैसे आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए गजनवी फोर्स उच्च प्रशिक्षित आतंकियों का एक नया समूह था। हालांकि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की सतर्कता व मजबूत इंटेलिजेंस ग्रिड के चलते यह संगठन बड़े हमलों को अंजाम देने में असफल रहा।
लेकिन न केवल कश्मीर में बल्कि जम्मू संभाग के जम्मू, रामबन, सांबा, राजोरी आदि जिलों में कई आतंकी वारदातों को अंजाम दिया गया। सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स में लश्कर, हिजबुल मुजाहिदीन, अंसार गजवातुल हिंद (एयूजीएच), अल बद्र जैसे अन्य प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के कैडर शामिल किए गए हैं।
इस बीच गजनवी फोर्स द्वारा जम्मू-कश्मीर में कई आतंकवादी हमलों, ग्रेनेड हमलों, हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी को अंजाम दिया गया। इसके अलावा उनके द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म का सहारा लेते हुए धमकियां जारी करने के साथ-साथ युवाओं को कट्टरपंथ में शामिल होने की समय-समय पर कोशिश की गई।