घगवाल। कैंसर के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ट्रामा अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से विश्व कैंसर दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन कर नर्सों व अन्य कर्मचारियों सहित लोगों को कैंसर से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
लोगों के बीच इस बीमारी से बचाव के बारे में जागरूकता बढ़ाने का अनुरोध किया गया। डॉ. अंशु, शिवानी, रीना, मोनिका ने कहा कि दुनिया में खतरनाक बीमारियों में कैंसर जानलेवा है। कैंसर शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकता है। यह एक हिस्से से किसी दूसरे हिस्से में बड़ी आसानी से फैल सकता है। डॉ. शिवानी मेहता ने कहा कि शरीर के किसी एक हिस्से में सबसे पहले होने वाले कैंसर को प्राइमरी ट्यूमर कहते हैं, जिसके बाद शरीर के दूसरे हिस्सों में होने वाला ट्यूमर मेटास्टेटिक या सेकेंडरी कैंसर कहलाता है। अगर पहली स्टेज में कैंसर का पता चल जाता है तो काफी हद तक पीड़ित को बचाया जा सकता है।