आईपीएल के लिए नीलामी में अब सिर्फ नौ दिन बचे हैं। इस बार नीलामी में पहली बार 11 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जबकि दो खिलाड़ियों को उनकी फ्रेंचाइजी ने पहले ही रीटेन कर रखा है। ऐसे में इस बार आईपीएल में जम्मू-कश्मीर के तीन से चार खिलाड़ी खेलते नजर आ सकते हैं। आईपीएल के लिए नीलामी 12 और 13 फरवरी को होगी। बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर आबिद मुश्ताक भद्रवाह के रहने वाले हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। अपने प्रदर्शन से उन्होंने मुंबई इंडियन और राजस्थान रॉयल फ्रेंचाइजी को प्रभावित किया था। दोनों ही फ्रेंचाइजी ने उन्हें ट्रायल के लिए बुलाया भी था, जहां उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया था। इस बार नीलामी में उनके चुने जाने की उम्मीद सबसे ज्यादा है।
बाएं हाथ के स्विंग गेंदबाज मुजतबा यूसुफ पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर बेंगलुरू के नेट गेंदबाज की भूमिका में थे। इस दौरान उन्होंने गेंद को दोनों तरह से स्विंग करने की अपनी क्षमता से फ्रेंचाइजी के थिंक टैंक को प्रभावित किया था। ऐसे में उम्मीद है कि नीलामी में रॉयल चैलेंजर बेंगलुरू उन्हें बतौर गेंदबाज शामिल कर सकता है।
मुजतबा युसूफ ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी की थी। अनुशासित गेंदबाजी के साथ स्विंग उनका प्रमुख हथियार है। 2019 में मुंबई इंडियन के लिए अपने आईपीएल डेब्यू के दौरान रासिक सलाम ने काफी वाहवाही बटोरी थी। अपने आईपीएल डेब्यू में उन्होंने गेंदबाजी कौशल से सभी को प्रभावित किया था।
इसके बाद उम्र में धोखाधड़ी के दोषी पाए जाने पर उन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया था। रासिक ने इस सीजन में अंडर-25 टीम में वापसी की थी। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार मुंबई इंडियन उन पर दोबारा दांव खेल सकती है।
इसके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाज और विकेटकीपर हिनान मलिक, तेज गेंदबाज आकिब नबी, तेज गेंदबाज वसीम बशीर, ऑलराउंडर नासीर लोन और युद्धवीर सिंह पर नजर होगी। युद्धवीर सिंह को पिछले वर्ष मुंबई इंडियन ने खरीदा था। ऐसे में इस बार उनके दोबारा चुने जाने की उम्मीद है। इसके साथ पूर्व कप्तान परवेज रसूल, विवरांत शर्मा, फैजल राशिद शामिल हैं।