संसदीय चुनावों में रिकॉर्ड मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनावों के लिए 90 फीसदी मतदान का लक्ष्य तय कर दिया है। इसके लिए प्रशासनिक अमले को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ऐसे में मतदाताओं के लिए जागरूकता अभियान हो या फिर चुनावी ड्यूटी के लिए तैनात होने वाले कर्मचारी। किसी भी तरह की कोताही पर कड़ी कार्रवाई को ताकीद किया जा रहा है।
मतदाता सूचियां तैयार करने पर बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) को दो टूक कहा गया है कि यदि योग्य मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं होता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र कांप्लेक्स में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जिला चुनाव अधिकारी डा. शाहिद इकबाल चौधरी ने कड़े लहजे में हिदायतें जारी कर दीं।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को स्वीप कार्यक्रम के तहत जागरूक किया जाएगा। चुनाव में 90 फीसदी मतदान का लक्ष्य लेकर चलना होगा। जिले में 120 से अधिक मतदान केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा जिसके लिए चुनावी अमले को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि मास्टर ट्रेनर मुलाजिमों को प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसके बाद उनकी परीक्षा ली जाएगी। मास्टर ट्रेनरों को साबित करना होगा कि वे अपने कार्य में निपुण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की हिदायतें बिलकुल स्पष्ट हैं। ऐसे में चुनावी अमले को हिदायतों के अनुसार लक्ष्य को पूरा करना होगा। बैठक में जिला प्रशासन के आला अफसरों सहित कर्मचारी भी मौजूद थे।