उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा में जिला प्रशासन ने हिमस्खलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार शाम पांच बजे तक केरन, करनाह, मचैल, टंगधार, बुदनामल, जुमगुंड, नोगाम, कुमकाडी और करालपोरा के ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए क्षेत्रवासियों को पूरे एहतियात बरतने को कहा गया है।
आपात स्थिति में मदद के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। पर्यटक स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग में बर्फबारी के साथ श्रीनगर सहित घाटी के अन्य इलाकों में बारिश हुई। इस बीच वीरवार को श्रीनगर से जम्मू के लिए सैकड़ों छोटे बड़े वाहनों को भेजा गया। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार रियासत में आगामी 8 मार्च से फिर मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दिन का पारा सामान्य से 2-3 डिग्री नीचे चल रहा है। लेकिन आगामी दिनों में मौसम का मिजाज फिर बदलने से पारे में गिरावट आ सकती है। श्रीनगर में वीरवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया और देर शाम तक रुक रुक कर बारिश होती रही।
कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी यह हाल रहा। जम्मू में मौसम साफ रहा। एसएसपी ट्रैफिक हाईवे संजय भगत के अनुसार शुक्रवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए एकतरफा हाईवे बहाल रहेगा।