दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार की शाम आतंकियों ने सेना के एक गश्ती दल पर हमला बोल दिया। गोलाबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
शोपियां के बारबुग गांव में आतंकियों के होने की सटीक सूचना के बाद एसओजी तथा 62 राष्ट्रीय रायफल्स के जवानों ने क्षेत्र में घेराबंदी करनी शुरू की। इस दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसमें एक जवान घायल हो गया। इसके बाद पूरे इलाके को घेरकर घर-घर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। अमरनाथ यात्रा के शांतिपूर्ण माहौल में चलने से बौखलाए आतंकी संगठन लगातार इसमें खलल की साजिश कर रहे हैं।
इसके लिए पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन भी किया जा रहा है। घुसपैठ की कोशिशें की जा रहीं हैं।
पिछले दिनों पाकिस्तानी गोलाबारी में कश्मीर में बीएसएफ का एक जवान शहीद भी हो गया था। पाक के नापाक इरादों को भांपते हुए एलओसी तथा आईबी पर चौकसी बढ़ा दी गई है।