मंगलवार को ईद पर खरीदारी के लिए लोगों को उस समय मुसीबत का सामना करना पड़ा, जब शहर के कई इलाकों में एटीएम खाली हो गए। रुपये नहीं निकलने पर वह मायूस हुए और इधर-उधर एटीएम तक भटकते देखे गए। वहीं, जिन एटीएम में रुपये थे, वहां लंबी कतारें देखी गईं।
ईद पर जहां लोग रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ खुशियां मनाने में जुटे रहे, वहीं शहर के कई एटीएम में रुपये न होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। बैंकों में छुट्टी होने से एटीएम से भारी ट्रांजेक्शन किए जाने से कई एटीएम खाली हो गए।
लोगों का कहना था कि वे घर से शापिंग के लिए निकले, लेकिन एटीएम खाली होने से भटकना पड़ा। जेके बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि ईद को ध्यान में रखते हुए बैंक की विशेष टीमें दो-तीन दिनों से एटीएम में पैसे रखने में लगी रहीं।
उन्होंने कहा कि छुट्टी के बावजूद अधिकारी ड्यूटी पर रहे, जिस किसी क्षेत्र से एटीएम में पैसे नहीं होने की शिकायत आई, वहां टीम ने तुरंत पहुंचकर काम किया।
इस संबंध में श्रीनगर हेडक्वार्टर से भी लगातार मानिटरिंग हो रही है। अन्य बैंकों के एटीएम में मौजूद सुरक्षाकर्मियों का कहना था कि छुट्टी का दिन होने के कारण अब बुधवार को ही कैश भरा जाएगा।