नए सरकारी कालेजों के सहायक प्रोफेसर चार माह से तनख्वाह से वंचित हैं। नए सरकारी सरकारी कालेजों (प्लान के अंतर्गत खुले नए डिग्री कालेज) की संख्या करीब 59 है, जहां कार्यरत सहायक प्रोफेसरों को सितंबर में आई बाढ़ के बाद से वेतन जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक जम्मू संभाग में 46 सरकारी कालेज हैं, जिनमें 29 कालेज नए खुले हैं जो प्लान के अंतर्गत हैं। इनमें कार्यरत करीब सौ से अधिक सहायक प्रोफेसरों को वेतन नहीं मिला है। राज्य में 95 सरकारी कालेज हैं, जिनमें 36 के करीब नान प्लान यानी पुराने कालेज हैं। राज्य में वर्ष 2005, 2008 व 2011 में नए खुले कालेजों की संख्या करीब 59 तक है।
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में आई भीषण बाढ़, इसके बाद लोकसभा और विधानसभा चुनावों का दौर चलता रहा, लेकिन इस दौरान सहायक प्रोफेसरों का वेतन जारी नहीं हो सका, जिसमें अखनूर, आरएस पुरा, बिश्नाह, सांबा, बनी, बसोहली, महानपुर, बिलावर, थन्नामंडी व मेंढर आदि के नए कालेज शामिल हैं।
जेके कालेज टीचर्स एसोसिएशन जम्मू विंग के प्रधान डा. संजय वर्मा का कहना है कि जम्मू संभाग में खुले नए कालेजों जो प्लान के अंतर्गत आते हैं, वहां कार्यरत सहायक प्रोफेसरों के वेतन चार माह से नहीं मिला है। इस संबंध में एसोसिएशन के पदाधिकारी उच्च शिक्षा के उच्च अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठ सका है।
उच्च शिक्षा के अतिरिक्त सचिव सरदार चरणजीत सिंह का कहना है कि सहायक प्रोफेसरों का वेतन जारी करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।