केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राजोरी जिले के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ जांच शुरू कर दी है। वहीं सीबीआई ने आरोपी के आवास की भी तलाशी ली, जिसमें 1.5 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अचल संपत्तियों के अधिग्रहण से संबंधित दस्तावेजों सहित आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए। सीबीआई के अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
आरोप है कि सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजीव बाली ने शिकायतकर्ता से उसकी दुकान से नमूने एकत्र न करने और एक वर्ष के लिए निरीक्षण से छूट देने के लिए दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ताकि शिकायतकर्ता बिना किसी समस्या के अपना व्यवसाय चला सके।
इसकी शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए अपना जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी संजीव बाली को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि आवासीय जांच के दौरान जो कागजात मिलें हैं, उनकी गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल सीबीआई आरोपी को अपने साथ ले गई है।