विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) की ओर से जम्मू संभाग की जिन छह सीटों पर प्रत्याशी अभी तय नहीं किए गए हैं, उनके पत्ते वीरवार को खुल सकते हैं। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में बची हुई सीटों पर मुहर लग सकती है।
प्रांतीय सचिव शेख बशीर अहमद ने बताया कि इन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम लगभग फाइनल कर दिए गए हैं, लेकिन पार्टी अध्यक्ष से हरी झंडी मिलने पर ही सार्वजनिक तौर पर घोषित किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के लिए नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) में बची हुई सीटों पर टिकट के लिए जोड़तोड़ जारी है। जम्मू संभाग में कुल 37 सीटों में से छह पर पत्ते वीरवार को खुल सकते हैं। इसमें पहले चरण में हो रहे चुनाव में इंद्रवाल, भद्रवाह, राजोरी, छंब, गांधीनगर और गूल सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा होगी।
कश्मीर में भी दर्जन से अधिक सीटों पर नाम फाइनल करने पर मंथन चल रहा है। नेकां की ओर से नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा मैदान में हैं। पार्टी की ओर से विजयपुर, मढ़, नौशेरा, दरहाल, कालाकोट, मेंढर, पुंछ आदि सीटों को अहम माना जा रहा है।
इसमें कई पुराने दिग्गजों को मैदान में उतारा गया है। पहले चरण में 25 नवंबर को गुरेज, बांडीपोरा, सोनावाड़ी, कंगन, गांदरबल, नोबरा, लेह, कारगिल, जंसकार, किश्तवाड़, इंद्रवाल, डोडा, भद्रवाह, रामबन और बनिहाल में चुनाव करवाया जाना है, जिसमें नेकां की ओर से अभी कुछ प्रत्याशियों की घोषणा करना बाकी है।