एबीवीपी का प्रदर्शन, जिन्ना के पोस्टर फाड़े
जम्मू यूनिवर्सिटी के पॉलिटिकल साइंस विभाग के नए सिलेबस में जिन्ना को शामिल करने के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी (एबीवीपी) ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मोहम्मद अली जिन्ना के पोस्टर फाड़े और प्रशासन से फैसला वापस लेने की मांग की। एबीवीपी के प्रदेश संगठन मंत्री सनक श्रीवत्स ने कहा कि पाठ्यक्रम में जिन्ना को शामिल करना एक विवादित कदम है। इस फैसले को नहीं बदला तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
पॉलिटिकल साइंस विभाग में हंगामा :
छात्रों का एक गुट पॉलिटिकल साइंस विभाग में भी पहुंच गया। गेट पर ताला होने पर छात्रों ने हंगामा किया। इससे विभाग में अफरातफरी मच गई। मौके पर यूनिवर्सिटी के सुरक्षा कर्मी और डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. प्रकाश अंताल भी पहुंच गए। इसके बाद छात्रों का गुट विभाग के अध्यक्ष प्रो. बलजीत सिंह मान के कक्ष में पहुंच गया।