सेना और बीएसएफ की महत्वपूर्ण सूचनाएं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को देने के आरोप में एक बीएसएफ कर्मी भी दिल्ली पुलिस के घेरे में आ गया है।
आरोप है कि राजोरी में तैनात बीएसएफ का हेड कांस्टेबल अब्दुल रशीद अपने चचेरे भाई कफायतुल्ला खान को संवेदनशील जानकारियां देता था, जो राजोरी हायर सेकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरी असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है।
कफायतुल्ला महत्वपूर्ण जानकारियां पाकिस्तान को भेजता था। तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस ने उसे जम्मू से भोपाल जाने के क्रम में गिरफ्तार किया था।
कफायतुल्ला खान से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस ने बीएसएफ के जम्मू फ्रंटियर हेडक्वार्टर से संपर्क किया और हेड कांस्टेबल को पूछताछ के लिए मांगा।
बीएसएफ के डीआईजी धर्मेंद्र पारिख ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने अभी हेड कांस्टेबल से पूछताछ के लिए मांगा था और उसे अपने साथ दिल्ली ले गई है। अभी वह रास्ते में हैं। उस पर लगे आरोपों की जानकारी का इंतजार है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक गिरोह सेना और एयरफोर्स की महत्वपूर्ण जानकारियां आईएसआई को भेज रहा है।
पड़ताल के दौरान ब्रांच ने पाकिस्तान इंटेलिजेंस आपरेटिव (पीआईओ) के एक एजेंट कफायतुल्ला खान उर्फ मास्टर राजा (गांव कलाई, मंजरकोट) को पकड़ा। वह राजोरी के हायर सेकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरी असिस्टेंट को रूप में कार्यरत था।
उसके सुरक्षा एजेंसियों के साथ संबंध हैं और वह उनसे सेना की जानकारियां हासिल करता था। क्राइम ब्रांच ने उस पर नजर रखनी शुरू की। इस दौरान पता चला कि कुछ अन्य लोग भी उसके साथ इस काम में शामिल हैं।