सांबा। जिले की पंचायत मनानु में युवाओं ने पहरा लगाकर पशुओं को चोरी कर रहे दो तस्करों को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। जिले में कुछ दिनों से बढ़ रही चोरियों के मामलों के चलते लोग काफी परेशान थे। इसी के चलते क्षेत्र के युवाओं ने नाका लगाया था।
सोमवार की रात को लगभग 12 बजे एक लोड कैरियर मनानु नाले की ओर जाती दिखाई दी। थोड़ी देर में वह पशुओं को लोड करने लगे। इसी बीच एक बछड़ा भाग गया। इसी बीच युवाओं ने घेराबंदी कर ली। रात को पीसीआर को सूचना दी गई, जिसके बाद सांबा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दो तस्करों को काबू कर लिया गया। हालांकि तस्कर लोड कैरियर लेकर भागना चाहते थे, परंतु उन्हें घेर लिया गया। तस्करों को पुलिस ले गई। वहीं तीन चप्पलों के जोड़े नाले में मिले हैं, जिससे लगता है कि तस्करों की संख्या पांच के करीब हो सकती है। विदित हो कि दो दिन पहले इसी पंचायत के बाबा अब्दुनाथ देव स्थान से चोर 6 बकरों को चुराकर ले गए थे। तस्करों ने अपनी लोड कैरियर में डंडे, रस्से और पत्थर रखे थे। तस्करों को जो भी रोकता था, वह उन पर लाठियों, पत्थरों से हमला कर देते थे।